महासमुंद, 6 जून। छत्तीसगढ़ शासन गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने कल महासमुंद प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन जिला पुस्तकालय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय भवन की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
प्रभारी सचिव श्रीमती बारिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला पुस्तकालय का कार्य शीघ्र पूर्ण कर इसे आगामी 15 अगस्त से पूर्व आमजन, विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रारंभ किया जाए। उन्होंने पुस्तकालय में सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने तथा संचालन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, जिला, एसडीएम अक्षा गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।विदित हो कि जिला पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। पूर्णत: वातानुकूलित यह पुस्तकालय लगभग 500 पाठकों की बैठने की क्षमता वाला होगा। यहां विद्यार्थियों एवं पाठकों को नि:शुल्क वाई.फाई सुविधा उपलब्ध होगी। भवन में लिफ्ट की सुविधाए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था तथा दिव्यांगजन.अनुकूल पहुंच सुनिश्चित की गई है। पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग एवं नि:शुल्क वाचनालय की व्यवस्था भी की जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सीनियर सिटीजन कॉर्नर तथा बच्चों में अध्ययन की रुचि विकसित करने के उद्देश्य से चिल्ड्रन कॉर्नर स्थापित किया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में पुस्तकालय में लगभग 15 हजार से 20 हजार पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध रहेगा।
जिसमें साहित्य, इतिहास, विज्ञान, तकनीक, सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न विषयों की संदर्भ पुस्तकें शामिल होंगी। साथ ही पुस्तकालय परिसर में 13 व्यावसायिक दुकानें तथा एक रेस्टोरेंट की सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे पाठकों एवं आगंतुकों को आवश्यक सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी। सुरक्षा एवं निगरानी के लिए संपूर्ण परिसर को सीसीटीवी सर्विलांस प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही यह पूर्णत: ऑटोमेटेड ग्रंथालय होगा, जहां पुस्तकों के निर्गमन, वापसी एवं सूचीकरण जैसी प्रक्रियाएं आधुनिक तकनीक के माध्यम से संचालित की जाएंगी।



