सरायपाली / छह महीने से चोरी का आरोप, शिक्षक ने रसोइया पर जताई शंका; सोना-नकदी समेत करीब 1.80 लाख का सामान गायब FIR दर्ज
सरायपाली। सागर स्टेट वार्ड नंबर 10 निवासी शिक्षक होमराज चौधरी ने अपने घर से पिछले करीब छह महीनों के दौरान सोने के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन सहित करीब 1.80 लाख रुपये के सामान चोरी होने की शिकायत थाना सरायपाली में दर्ज कराने आवेदन दिया है। शिकायतकर्ता ने घर में रसोइया के रूप में काम करने वाली पूजा दास पति शनि दास निवासी झिलमिला पर चोरी की घटनाओं में शामिल होने की आशंका जताई है।
शिकायत के अनुसार, होमराज चौधरी के घर से पिछले लगभग छह महीनों के दौरान धीरे-धीरे कीमती सामान गायब होते रहे। उन्हें 24 अगस्त 2026 से इस संबंध में शंका हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके घर में रसोइया के रूप में काम करने वाली पूजा दास आर्थिक रूप से कमजोर थी और पिछले कई महीनों से उनसे आर्थिक मदद भी लेती रही थी, लेकिन बाद में उसके द्वारा कीमती सामान खरीदने की जानकारी मिलने पर उन्हें संदेह हुआ।
आवेदन में बताया गया है कि 27 अगस्त 2026 को परिवार की अनुपस्थिति में पूजा दास ऊपर के तल पर रहने वाली शिकायतकर्ता की बहू के घर की चाबी लेकर वहां गई और कथित तौर पर ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान कैमरे का बटन भी बंद किया गया, जिसके बाद उनका संदेह और गहरा गया।
इसके बाद 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के अवसर पर बाहर जाने की तैयारी के दौरान घर की अलमारी में रखे सोने के आभूषण और नकदी की जांच की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस दौरान सामान और नकदी गायब मिली।
शिकायत में चोरी हुए सामान में करीब 6 ग्राम की सोने की लटकन, 3 ग्राम की सोने की अंगूठी, पुश्तैनी चंपाकाड़ी माला के दो फूल करीब 2.50 ग्राम, करीब 50 हजार रुपये नकद, गोल्ड पॉलिश वाली एक चेन, Nothing CMF मोबाइल फोन सहित अन्य घरेलू सामान शामिल होने की जानकारी दी गई है। शिकायतकर्ता ने चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर चोरी हुए सामान की खोजबीन तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।



