हार्ट अटैक और गंभीर हृदय रोग के मरीजों के लिए राहत की खबर है। रायपुर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (ACI) में कई महंगी और जीवनरक्षक दवाएं व इंजेक्शन मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें हार्ट अटैक के उपचार में इस्तेमाल होने वाला टेनेक्टेप्लेस (TNK-tPA) इंजेक्शन भी शामिल है, जिसकी बाजार कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा इवोलोकुमैब, मावाकैम्टेन, टिकैग्रिलोर समेत अन्य आधुनिक हृदय संबंधी दवाएं भी अस्पताल में निःशुल्क मिल रही हैं। इससे गंभीर मरीजों के परिजनों को महंगी दवाएं बाहर से खरीदने के खर्च से राहत मिलेगी।



