बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पठियापाली में विश्वकर्मा जी की मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में एक व्यक्ति ने गांव के तीन लोगों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायत पुरूषोत्तम जगत के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे गांव में भगवान विश्वकर्मा जी की मूर्ति की विसर्जन झांकी निकाली जा रही थी। इस दौरान शिकायतकर्ता अपनी पत्नी निर्मला के साथ घर की छत से झांकी देख रहा था।
आरोप है कि झांकी में शामिल सुरेश भोई, श्यामलाल नाग और पहाड़ सिंह जगत ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह छत से नीचे आकर गाली देने का कारण पूछने पहुंचा तो तीनों ने कथित तौर पर एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का व डंडे से मारपीट की।
मारपीट में शिकायतकर्ता के दाहिने पैर की एड़ी, पीठ और जांघ में चोट लगने की बात कही गई है। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी निर्मला जगत से भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, महिला के सीने और हाथ में चोट लगी है।
घटना के दौरान रमेश पोर्त और शोभनी जगत के मौके पर मौजूद होकर घटना देखने-सुनने और बीच-बचाव करने की बात शिकायत में कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सुरेश भोई, श्यामलाल नाग और पहाड सिंग जगत के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत अपराध कायम किया है।



