रायपुर से संबलपुर रेल निर्माण में आंशिक परिवर्तन के साथ मानेश्वर से रायपुर के बीच निर्माण का प्रस्ताव
0 गोड़भग्गा से मानेश्वर के बीच सर्वे हेतु 6.5 करोड़ स्वीकृत
0 रायपुर से गौड़भग्गा के बीच कोई परिवर्तन नहीं 0
सरायपाली से दिलीप गुप्ता की रिपोर्ट। रायपुर से संबलपुर के मध्य हो चुके रेलवे लाइन निर्माण सर्वे के बाद रेल्वे की एक बैठक के दौरान पूर्व प्रस्तावित रेलवे लाइन में थोड़ा संशोधन करते हुवे अब गौड़भग्गा से मानेश्वर के बीच बाई पास रेलवे लाइन निर्माण का सुझाव दिया गया है । इस हेतु रेलवे द्वारा 6.5 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट सर्वे के लिए पास किया गया है । यह रेल्वे लाइन अब वाई कनेक्शन के रूप में बनाया जाएगा । यह प्रस्ताव संबलपुर रेलवे स्टेशन में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुवे बनाया गया है ।
ज्ञातव्य हो कि रायपुर संबलपुर रेलवे लाइन निर्माण किए जाने हेतु रायपुर से संबलपुर रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति सरायपाली द्वारा विगत 6 वर्षों से निरंतर संघर्षशील व प्रयासरत है । रेल लाइन निर्माण हेतु बनाई गई समिति के संयोजक दिलीप गुप्ता व संगठन सचिव अभिजीत प्रतिहार ने जानकारी देते हुवे बताया कि रेल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विगत दिनों भुवनेश्वर स्थित ईसीओआर के महाप्रबंधक की अध्यक्षता में “रायपुर और संबलपुर के बीच नई लाइन (290.21 किमी) का निर्माण” विषय पर हुई चर्चा के अनुसार पीसीओएम द्वारा निम्नलिखित मुद्दे उठाए गए इन मुद्दों पर महाप्रबंधक ने उन पर सहमति व्यक्त करते हुवे बताया कि संबलपुर स्टेशन पर भारी यातायात के कारण होने वाली भीड़भाड़ से बचने के लिए प्रस्तावित रायपुर-संबलपुर नई लाइन को संबलपुर के बजाय मानेश्वर से शुरू किया जाना चाहिए।
उपरोक्त प्रस्ताव को लागू करने के लिए, मानेश्वर और गोड़भागा को जोड़ने के बीच एक बाईपास/कनेक्शन लाइन को परियोजना का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, जिसमें उपयुक्त फ्लाईओवर व्यवस्था और मानेश्वर में वाई-कनेक्शन का प्रावधान हो, ताकि झारसुगुडा और तालचेर की ओर से रेल यातायात की आवाजाही सुगम हो सके।
प्रस्तावित रायपुर-संबलपुर लाइन को गोडभागा स्टेशन पर वाई-लेग के साथ आरओआर व्यवस्था के माध्यम से मौजूदा संबलपुर-टिटलागढ़ लाइन के ऊपर लिया जा सकता है, और फ्लाईओवर व्यवस्था और वाई-लेग के माध्यम से मानेश्वर से उपयुक्त रूप से जोड़ा या विलय किया जा सकता है।
समिति के पदाधिकारी दिलीप गुप्ता व अविजित प्रतिहार ने बताया कि रायपुर से संबलपुर के बीच रेल्वे लाइन हेतु समिति पिछले 6 वर्षों से संघर्षशील है । समिति के सदस्यों द्वारा 3/1/2022 को दिल्ली रेल भवन जाकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मांग पर सर्वे का आदेश भी दिया गया था जिसके तहत 2 वर्ष पूर्व तक इस लाइन का सर्वे हो चुका था । किंतु अब संबलपुर रेलवे स्टेशन में भारी ट्रैफिक दबाव को देखते हुवे गौड़भग्गा से मानेश्वर तक नई रेल लाइन निर्माण के सर्वे हेतु 6.5 करोड़ स्वीकृत किया गया है । गौड़भग्गा से रायपुर के बीच कोई परिवर्तन नहीं होने की जानकारी दी गई है । यह सर्वे कार्य 3 महीने के अंदर कर लिए जाने की जानकारी दी गई है । रेल्वे विभाग के इस प्रयास व प्रस्ताव को देखते हुवे रायपुर से मानेश्वर के बीच निर्माणाधीन रेलवे लाइन के बनने की संभावना बढ़ती दिखाई दे रही है जो क्षेत्र के सर्वांगीण विकास लिए बहुत ही आवश्यक होगा ।
आज सरायपाली में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है और अब सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने सरायपाली क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की मांग भी रखी।



