प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सात और आठ अक्टूबर को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में आठ हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही रोजगार मेले के लिए पंजीयन करा सकते हैं।
इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के लगभग 8,000 से अधिक पदों पर भर्तियां की जाएंगी, जिनमें और भी वृद्धि होने की संभावना है। प्राप्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया हैं कि वे जिले के प्रमुख वृहद् उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को भी इस मेले में शामिल होने तथा रिक्त पदों को भरने के लिए प्रोत्साहित करें। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी राज्य सरकार के अधिकृत पोर्टल [https://erojgar.cg.gov.in/](https://erojgar.cg.gov.in/) पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन के दौरान पूर्व में आयोजित जिला एवं राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित युवाओं को मुख्यमंत्री के करकमलों से नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) भी प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की सूची 01 अक्टूबर 2026 तक तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के सभी शिक्षित एवं योग्य युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।



