बसना पुलिस ने गांजा तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा सीमा की ओर से आ रही एक संदिग्ध बोलेरो से पुलिस ने 35.400 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (गांजा) बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 22.90 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
वाहन चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े तस्कर :मिली जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात बसना पुलिस टीम ग्राम पलसापाली बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा के पदमपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की बोलेरो (क्रमांक CG 04 NW 0801) को रोका गया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति हड़बड़ाकर भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पुलिस टीम ने पकड़ लिया।
बोलेरो की पिछली सीट में छिपा रखी थी गांजे की बोरी : पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम उमेश गोरे (उम्र 24 वर्ष, निवासी देवगांव, जिला पुणे, महाराष्ट्र) और बृजलाल साहू (उम्र 30 वर्ष, निवासी टोंगोपथरा, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद) बताया। पुलिस द्वारा बोलेरो की तलाशी लेने पर पिछली सीट से एक प्लास्टिक की बोरी में भरा 35.400 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 17,70,000 रुपये बताई जा रही है। ओडिशा से खरीदकर महाराष्ट्र ले जा रहे थे खेप : आरोपियों ने स्वीकारा कि उन्होंने यह गांजा ओडिशा निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर बिक्री के लिए महाराष्ट्र ले जाने की योजना बनाई थी। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने गांजा, बोलेरो वाहन (कीमत 5 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन सहित कुल 22,90,000 रुपये की सामग्री जब्त की।थाना बसना में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(B)(ii)(C) नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



