राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों को लेकर लोकभवन में बैठक आयोजित
राष्ट्रपति के 22 एवं 23 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रवास के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर आवश्यक तैयारियों के संबंध में आज लोकभवन में बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन में की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।
इसके अलावा बैठक में चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा प्रोटोकॉल के तहत वाहनों की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं में समन्वय बनाए रखते हुए सभी कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।
इस बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक श्री आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर के पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



