
महासमुंद : लक्ष्मी के हुनर को मिला सरकार का सहारा
लक्ष्मी हुईं आत्मनिर्भर, महिला कोष सक्षम योजना से बदली तकदीर
महासमुंद, 13 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार लगातार प्रदेशवासियों के हित में कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का आमजनों को भरपूर लाभ मिल रहा है। प्रदेश की माताएं-बहनें अपने विष्णु भैया के सुशासन में संबल प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। आत्मनिर्भरता की ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी महासमुंद शहर के नयापारा वार्ड की रहने वाली श्रीमती लक्ष्मी चक्रधारी की है। उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उनकी मेहनत और लगन को सुशासन की सरकार का सहारा मिला, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
महिला कोष सक्षम योजना से मिला व्यवसाय बढ़ाने का अवसर
श्रीमती लक्ष्मी चक्रधारी महासमुंद शहर के नयापारा वार्ड की निवासी हैं। वे कुम्हार हैं और मिट्टी के दीये तथा मूर्तियां बनाने का कार्य करती हैं। पहले वे छोटे स्तर पर ही अपना व्यवसाय संचालित करती थीं, जिससे उनकी आमदनी भी कम होती थी। कई बार उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए ऋण लेने के बारे में सोचा, लेकिन अधिक ब्याज दर होने के कारण वे अपने कदम पीछे खींच लेती थीं।
इसके बावजूद उनके मन में हमेशा यही इच्छा रहती थी कि वे अपने पारंपरिक हुनर और मेहनत के बल पर अपने व्यवसाय को बड़ा रूप दें और अपनी आमदनी बढ़ाएं। इसी उद्देश्य से उन्होंने एक बार अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की इच्छा के संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से चर्चा की।
इसके बाद उन्हें राज्य सरकार की छत्तीसगढ़ महिला कोष सक्षम योजना की जानकारी मिली। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी। उनकी जरूरत और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की इच्छा को देखते हुए अधिकारियों ने उन्हें योजना का लाभ दिलाने में सहायता की। इस तरह उनके सपनों को एक नई उड़ान मिली।
मिट्टी की मूर्तियों और दीयों के निर्माण से बढ़ा काम
छत्तीसगढ़ महिला कोष सक्षम योजना के तहत श्रीमती लक्ष्मी चक्रधारी को राशि प्रदान की गई। इससे उन्हें अपना व्यवसाय बढ़ाने में सहायता मिली। योजना से मिले सहयोग के बाद अब वे अपने साथियों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर मिट्टी से सुंदर मूर्तियां, प्रतिमाएं और दीये बनाने का कार्य कर रही हैं।
सरकारी योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उनके पारंपरिक हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया है। अब वे अपने कौशल का बेहतर उपयोग करते हुए मिट्टी की कलाकृतियों और दीयों का निर्माण कर रही हैं। इससे उन्हें अपने काम को विस्तार देने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।
सरकार के सहयोग से घर बैठे मिल रहा काम
श्रीमती लक्ष्मी चक्रधारी ने छत्तीसगढ़ महिला कोष सक्षम योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्रीमती चक्रधारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं से उन्हें घर बैठे ही काम मिल रहा है। अब उन्हें काम के लिए कहीं बाहर जाने की आवश्यकता भी नहीं है। योजना से मिले सहयोग ने उन्हें अपने हुनर को आगे बढ़ाने और अपने व्यवसाय को बड़े स्तर पर संचालित करने का अवसर दिया है।
लक्ष्मी चक्रधारी की यह कहानी बताती है कि मेहनत, लगन और सही अवसर मिलने पर पारंपरिक हुनर को भी नई पहचान मिल सकती है। छत्तीसगढ़ महिला कोष सक्षम योजना जैसी सरकारी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में सहयोग प्रदान कर रही है।




