
महासमुंद : खल्लारी माता के दर्शन कर लौट रहे युवकों की बाइक को बस ने मारी टक्कर, चार घायल, एक की हालत गंभीर
महासमुंद, 16 अक्टूबर 2026। खल्लारी माता के दर्शन कर वापस लौट रहे युवकों की मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार बस के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसा 16 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे एनएच-353 मार्ग पर हाड़ाबंद ओवरब्रिज के पहले हुआ। दुर्घटना में कुन्दन सबर, सुभाष ध्रुव, नोहर यादव और साहिल सबर को चोटें आई हैं। वहीं, नरेश यादव को कोई चोट नहीं आई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पतेरापाली, थाना एवं जिला महासमुंद निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मजदूरी का काम करता है। 15 अक्टूबर 2026 को उसका भतीजा कुन्दन सबर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HM 9762 में सुभाष ध्रुव के साथ तथा दूसरी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GA 4937 में कुन्दन के दोस्त नोहर यादव, नरेश यादव और साहिल सबर के साथ खल्लारी माता के दर्शन करने खल्लारी गए थे।
16 अक्टूबर 2026 को दर्शन करने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे वे एनएच-353 मार्ग पर हाड़ाबंद ओवरब्रिज के पहले पहुंचे। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HM 9762 का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके कारण कुन्दन सबर और उसके साथी दोनों मोटरसाइकिलों को सड़क किनारे खड़ी कर वहीं रुके हुए थे।
इसी समय पीछे से आ रही बस क्रमांक CG 23 E 0201 के चालक ने बस को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में कुन्दन सबर के हाथ, पैर और कमर में चोटें आईं। उसे डायल 112 की सहायता से जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किए जाने पर अकाल पूरक अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। वहां से भी रेफर किए जाने के बाद उसे सोहम अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
दुर्घटना में सुभाष ध्रुव के हाथ में चोट आई है। वहीं, नोहर यादव और साहिल सबर के हाथ एवं कमर में चोट और खरोंच आई है। नरेश यादव को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।
प्रार्थी ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बस चालक के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।




