
शराब के नशे में पत्नी और बेटी से मारपीट, चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी
बिलाईगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला नरधा में पदस्थ एक शिक्षिका ने अपने पति के खिलाफ शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत थाना बिलाईगढ़ में दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति आए दिन शराब पीकर परिवार के साथ विवाद करता है और उसके चरित्र पर भी लांछन लगाकर गाली-गलौज करता है।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, श्रीमती मोती साहू (37 वर्ष), पति श्यामनारायण साहू, मूल निवासी ग्राम पुरगांव, वर्तमान में नगर पंचायत पवनी में किराये के मकान में रहती हैं। उनकी शादी वर्ष 2008 में श्यामनारायण साहू से हुई थी। उनके एक बेटा भावेश (16 वर्ष) और एक बेटी कुमारी सिद्धि साहू (14 वर्ष) हैं। पीड़िता शासकीय प्राथमिक शाला नरधा में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।
शिकायत में बताया गया है कि 21 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे उनके पति शराब के नशे में घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मोबाइल पर बात करने की बात को लेकर बेटी कुमारी सिद्धि साहू के साथ हाथ-पैर से मारपीट की। जब शिक्षिका ने बीच-बचाव करते हुए पति को समझाने का प्रयास किया, तो उन्होंने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और धक्का दे दिया। इससे शिक्षिका के बाएं हाथ में चोट लगने के साथ दर्द होने लगा। वहीं, उनकी बेटी सिद्धि के हाथ, पीठ, सीना, गर्दन और सिर में चोट लगने तथा दर्द होने की बात शिकायत में कही गई है।
पीड़िता के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को रात करीब 8 बजे उनके पति दोबारा शराब के नशे में घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान उनके हाथ में सब्जी काटने वाला चाकू था। इससे भयभीत होकर शिक्षिका ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया और थाना बिलाईगढ़ पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि घटना के दौरान मकान मालिक श्री राम पुरेना, उनकी पत्नी खेलबहरीन पुरेना तथा पड़ोसी अनिता देवी ने विवाद को देखा और सुना है। उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
श्रीमती मोती साहू ने अपने पति के खिलाफ शराब के नशे में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के संबंध में उपलब्ध जानकारी शिकायत के आधार पर ही प्रस्तुत की गई है।




