
बसना / खरोरा में विवाद के बाद युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
महासमुंद। ग्राम खरोरा में जोत-जवारा विसर्जन के बाद कार्यक्रम की सामग्री लाने में देरी होने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवक के भांजे द्वारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में युवक के सीने, गले और सिर में चोट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खरोरा निवासी एक युवक कक्षा 10वीं तक पढ़ाई करने के बाद मजदूरी का काम करता है। युवक के अनुसार, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को गांव में जोत-जवारा विसर्जन होने के बाद कार्यक्रम की सामग्री लाने के लिए वह अपने घर गाड़ी लेने आया था। उस समय घर में उसकी बड़ी दीदी कीर्ति मंडावी, दीदी प्रीति मंडावी और जीजा अजीत मंडावी मौजूद थे। युवक उनसे बातचीत करने लगा, जिससे कार्यक्रम की सामग्री लाने में देरी हो रही थी।
इसी दौरान राजेश मंडावी युवक के पास आया और कार्यक्रम की सामग्री लाने के लिए कहा। इसके बाद युवक और उसके जीजा राजेश मंडावी के बीच वाद-विवाद होने लगा। आरोप है कि तभी युवक का भांजा सूजान मंडावी वहां पहुंचा और उसके साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद सूजान मंडावी ने युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके सीने, गले और सिर में चोटें आईं।
युवक ने बताया कि घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने विवाद और मारपीट होते देखा-सुना तथा बीच-बचाव किया। इसके बाद युवक ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




