
सारंगढ़-बिलाईगढ़ : अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 5 वाहन जब्त
सारसीवां और भटगांव क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान पकड़े गए वाहन
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खनिज विभाग की टीम ने सारसीवां और भटगांव तहसील क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन करते हुए कुल पांच वाहनों को पकड़ा गया।
निरीक्षण के दौरान सारसीवां क्षेत्र में साधारण रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं, भटगांव क्षेत्र में चूनापत्थर का अवैध परिवहन करते हुए दो हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। इसके अलावा साधारण रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार खनिज विभाग ने कुल पांच वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की है।
कार्रवाई के बाद संबंधित वाहनों को थाना सारसीवां एवं थाना भटगांव की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के अनुसार, अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




