
सारंगढ़-बिलाईगढ़ : बरमकेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ठगी का मामला सामने आया है, जहाँ अज्ञात ठग द्वारा बैंक कर्मचारी बनकर एक ग्रामीण के क्रेडिट कार्ड से 52,831 रुपये की अवैध निकासी (फ्रॉड ट्रांजैक्शन) कर ली गई है।
बैंक का कर्मचारी बताकर ठगी
प्रार्थी उमेश कुमार नायक पिता टेकलाल नायक, निवासी ग्राम बमकेला ने थाना बरमकेला में प्रस्तुत लिखित शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 05:00 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर धारक ने उन्हें वीडियो कॉल किया। कॉलर ने खुद को ICICI बैंक का कर्मचारी बताकर उनकी पत्नी हेमलता नायक के नाम पर नया क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया।
लिंक पर क्लिक करते ही कट गए पैसे
झांसे में आकर प्रार्थी ने अपना ICICI बैंक का क्रेडिट कार्ड नंबर साझा कर दिया, जिसके बाद ठग द्वारा भेजे गए एक लिंक पर क्लिक करते ही उनके क्रेडिट कार्ड से कुछ ही समय में 52,831 रुपये का फर्जी ट्रांजैक्शन हो गया।
साइबर पोर्टल (1930) पर दर्ज कराई शिकायत
घटना के तुरंत बाद प्रार्थी द्वारा उसी दिन रात करीब 08:00 बजे साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस कार्रवाई
प्रार्थी की लिखित शिकायत के आधार पर थाना बरमकेला द्वारा अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




