
छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इस बीच किसानों के बीच एक सवाल तेजी से चर्चा में है कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो क्या उसे 21 क्विंटल के हिसाब से भुगतान मिलेगा? इस संबंध में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्थिति स्पष्ट की है।
एकात्म परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कृषि मंत्री ने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी फिलहाल पुरानी नीति के तहत ही की जाएगी। खरीदी व्यवस्था में अभी कोई नया नीतिगत बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कम उत्पादन होने या प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने की स्थिति में भी किसानों को 21 क्विंटल के हिसाब से बोनस अथवा अंतर की राशि देने का कोई निर्णय अभी नहीं लिया गया है।
मंत्री ने कहा कि इस विषय पर सरकार विचार कर रही है और प्रस्ताव फिलहाल प्रक्रियाधीन है। यानी कम धान बेचने वाले किसानों को 21 क्विंटल तक की पूरी राशि दिए जाने को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार अपने वादे के अनुसार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी करेगी। धान खरीदी की तारीख को लेकर कैबिनेट बैठक में इंतजार किया जा रहा था, जिसके बाद 15 नवंबर से खरीदी शुरू करने की घोषणा की गई।
इसके अलावा कृषि मंत्री ने राशन वितरण को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एपीएल और बीपीएल श्रेणी के हितग्राहियों को राशन में सुपर फाइन यानी बिना टूटे हुए चावल उपलब्ध कराने की योजना है। जनवरी से गरीब परिवारों को इस चावल का वितरण शुरू किया जाएगा।




