
महासमुंद जिले में स्वसहायता समूह को ऋण देने में आएगी तेजी बिहान अंतर्गत बैंकर सह प्रशिक्षण कार्यशाला में बना एक्शन प्लान
महासमुंद/ ग्रामीण क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री अनुपमा आनंद की उपस्थिति में जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत बैंकर सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे जिले के स्व-सहायता समूहों को समय पर बैंक ऋण दिलाने और व्यक्तिगत ऋण दिलाने के मामलों में तेजी आएगी।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बैंकर्स और विभागीय अमले के बीच बेहतर समन्वय बनाकर स्व-सहायता समूहों के बैंक क्रेडिट लिंकेज और इंडिविजुअल लोन के लंबित प्रकरणों को जल्द निपटाना था। कार्यक्रम में नेशनल रिसोर्स पर्सन, राज्य कार्यालय के अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, आरसेटी डायरेक्टर, विभिन्न बैंकों के बैंकर्स, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा एफएलसीआरपी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों एवं नवीनतम गाइडलाइन की विस्तार से जानकारी दी गई। बैंक ऋण प्रक्रिया, ऋण प्रकरणों के निराकरण, दस्तावेजों की कमी दूर करने और बैंकर्स एवं मैदानी अमले के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। स्व-सहायता समूहों को समय पर ऋण मिलेगा, तभी महिलाएं अपनी आजीविका गतिविधियां शुरू कर पाएंगी। इसलिए किसी भी पात्र समूह का प्रकरण बिना कारण लंबित नहीं रखा जाएगा।
कार्यक्रम में व्यक्तिगत ऋण के माध्यम से समूह की महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि समूह के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, बल्कि अपने परिवार और गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगी। बैठक में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने और ऋण वितरण की प्रक्रिया को और अधिक सरल व पारदर्शी बनाने पर सहमति बनी। सशक्त समूह, आत्मनिर्भर महिलाएं और समृद्ध महासमुंद, यही आर्थिक सशक्तिकरण का संकल्प है, जिस पर कार्यक्रम में सभी ने एक साथ काम करने का भरोसा दिलाया।




