
सरायपाली / हाईस्कूल के पीछे शराब के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार, 17 शीशी देशी शराब जब्त
महासमुंद/सरायपाली। सरायपाली थाना पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने के उद्देश्य से शराब रखे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 नग सवा शेरा देशी प्लेन शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 3060 एमएल तथा अनुमानित कीमत 1,360 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक गणेशु राम बंजारे दिनांक 28 नवंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 69 के साथ अपराध विवेचना के सिलसिले में शासकीय वाहन क्रमांक CG 03 A 1086 से ग्राम केंदुढार की ओर रवाना हुए थे। विवेचना कार्य पूर्ण कर वापस लौटते समय जयस्तंभ चौक सरायपाली के पास मुखबिर से सूचना मिली कि झिलमिला हाईस्कूल के पीछे एक व्यक्ति अवैध रूप से बिक्री करने के उद्देश्य से शराब रखे हुए है।
मुखबिर की सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद प्रधान आरक्षक ने जयस्तंभ चौक के पास मौजूद गवाह रामेश्वर सिन्हा पिता पुनित राम सिन्हा उम्र 49 वर्ष निवासी नया मंडी के पीछे सरायपाली तथा मनोज यादव पिता मुनू यादव उम्र 53 वर्ष निवासी संजय नगर सरायपाली को सूचना से अवगत कराया। दोनों गवाहों के समक्ष मुखबिर सूचना पंचनामा तैयार कर उन्हें धारा 179 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया और पुलिस टीम उनके साथ बताए गए स्थान झिलमिला हाईस्कूल के पीछे पहुंची।
मौके पर एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस स्टाफ एवं गवाहों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमन नाग पिता संतलाल नाग उम्र 22 वर्ष निवासी बैदपाली, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद बताया।
इसके बाद संदेही की सहमति से पुलिस टीम, गवाहों एवं शासकीय वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें कोई आपत्तिजनक वस्तु या सामग्री नहीं मिली। तत्पश्चात संदेही के कब्जे में रखे एक सफेद रंग के प्लास्टिक थैले की तलाशी लेने पर उसमें 17 नग सवा शेरा देशी प्लेन शराब की शीशियां मिलीं। प्रत्येक शीशी में 180-180 एमएल शराब भरी हुई थी। इस प्रकार कुल शराब की मात्रा 3060 एमएल पाई गई।
शराब रखने के संबंध में आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया। आरोपी ने अपने जवाब में शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं होना लिखकर दिया। इसके बाद गवाहों के समक्ष बरामद शराब का गणना पंचनामा तैयार कर कुल 17 शीशी देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 1,360 रुपये है, विधिवत जब्त की गई।
जब्त शराब के आबकारी परीक्षण के लिए 180-180 एमएल वाली दो शीशियों से नमूने निकाले गए। दोनों नमूनों की शीशियों एवं शेष बची 15 शीशियों को मौके पर सीलबंद कर आवश्यक पंचनामा तैयार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमन नाग का कृत्य धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसे दिनांक 28 नवंबर 2026 को दोपहर 3:10 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामला जमानतीय होने तथा आरोपी द्वारा सक्षम जमानतदार प्रस्तुत किए जाने पर उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
उक्त संपूर्ण कार्रवाई प्रधान आरक्षक गणेशु राम बंजारे थाना सरायपाली द्वारा गवाहों की उपस्थिति में की गई। मौके पर देहाती नालसी तैयार कर थाना सरायपाली में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।




