छत्तीसगढ़/खारुन नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत
छत्तीसगढ़/ जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में ग्राम घुघुवा जमराव एनीकट पर खारुन नदी में बुधवार की शाम 15 वर्षीय किशोर डूब गया। जानकारी लगने पर गोताखोरों ने तलाश शुरू की और देर शाम शव निकाला गया। मृतक गिरीश शरणागत रायपुर का निवासी था और अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ सैर सपाटा के लिए एनिकट पर आया था।
अमलेश्वर पुलिस के मुताबिक रायपुर से चार दोस्त पिकनिक मनाने खारुन नदी पहुंचे थे। एनीकट के पास दोस्त नदी में उतर थे। देखते ही देखते 15 वर्षीय युवक गिरीश शरणागत और एक अन्य युवक नदी के तेज धार में बहने लगे। दोनों ही एनीकट के भंवर में फंस गए। इसे देख उन्य दो दोस्तों ने डूबते हुए किशोरों को बचाने की कोशिश की। दोनों ने एक को तो बचा लिया, लेकिन गिरीश शरणागत काे वे नहीं बचा पाए।
घटना की सूचना मिलने पर अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गिरीश की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गिरीश का शव खारुन नदी से बाहर निकाला गया। गिरीश पिता नवीन शरणागत वर्तमान में सत्यम विहार कालोनी, रायपुरा जिला रायपुर का निवासी है। उसके साथ आयुष भगत, राहुल राव एवं हिमेश देवांगन भी थे। अमलेश्वर थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि मर्ग कायम कर शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।



