खल्लारी/ मामाभाचा चौक पर सड़क हादसे में युवक की मौत, पुलिस ने दर्ज किया अपराध
खल्लारी/महासमुंद, थाना खल्लारी क्षेत्र अंतर्गत मामा भाचा चौक (NH-353 रोड) पर हुए सड़क हादसे में ग्राम मामाभांचा निवासी रूपेश कुमार साहू (24 वर्ष) की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रूपेश कुमार साहू पिता सियाराम साहू प्रतिदिन अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 MF 7233 CT100) से ग्राम मामाभांचा से महासमुंद स्थित किराना दुकान में काम करने आता-जाता था। दिनांक 07 सितम्बर की रात करीब 8:45 बजे रूपेश काम से लौटते समय मामा भाचा चौक पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रही मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस (क्रमांक CG 06 HB 5904) के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी।
हादसे में रूपेश के सिर और पैर में गंभीर चोट आई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. दीपक मधुकर ने युवक को मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम हेतु चिरघर भेज दिया।
घटना की सूचना पर थाना खल्लारी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/25 धारा 194 BNSS के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया।
घटना की जानकारी पंचनामा गवाहों और परिजनों—बीरसिंग साहू, लोमेश साहू, बलीराम साहू एवं भूवनलाल साहू (सभी ग्राम मामाभांचा निवासी) ने दी। उन्होंने बताया कि रूपेश परिवार का सहारा था और नियमित रूप से काम के लिए महासमुंद आता-जाता था।
पुलिस ने अपराध कायम कर इसकी सूचना मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम को प्रेषित की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।



