महासमुंद/एनएच-53 पर भीषण सड़क हादसा : बस की टक्कर से महिला का पैर कटा, पति-पत्नी समेत तीन गंभीर घायल
महासमुंद/तुमगांव। थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत एनएच-53 पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम सुकुलबाय निवासी साहू परिवार मोटरसाइकिल से ग्राम निषदा आरंग जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला का बायां पैर बस के पहिये की चपेट में आ गया, जिससे पैर काटना पड़ा।
घटना 18 सितंबर को सुबह करीब 11:15 बजे पाल ढाबा के पास ग्राम घोड़ारी के पास हुई। हादसे में ग्राम सुकुलबाय निवासी ईश्वरी प्रसाद साहू, उनकी पत्नी कुमारी बाई साहू व पुत्री मोटरसाइकिल (CG06P 4399) से जा रहे थे। पीछे से आ रही लापरवाह बस ने टक्कर मार दी।
टक्कर के दौरान बस का पहिया महिला कुमारी बाई साहू के पैर पर चढ़ गया, जिससे उनका पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और डॉक्टरों को पैर काटना पड़ा। वहीं ईश्वरी प्रसाद साहू के दाहिने जांघ पर तथा पुत्री के पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से डायल-112 की टीम ने सभी घायलों को जिला अस्पताल महासमुंद पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया। पिता-पुत्री को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि घायल महिला का इलाज अभी भी जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक वाहन को लेकर रायपुर की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक पर धारा 184-LKS, 125(a)-BNS और 281-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।



