सरायपाली बैतारी चौक NH-53 में सड़क हादसे में युवक की मौत, अज्ञात वाहन चालक पर मामला दर्ज
सरायपाली (महासमुंद)। थाना सरायपाली क्षेत्र के बैतारी चौक NH-53 पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सुकलाल यादव पिता परसराम यादव (उम्र 37 वर्ष) निवासी गोपालपुर थाना पिथौरा, हाल वार्ड नं. 11 बाजारपारा सरायपाली बीते शुक्रवार (26 सितम्बर) की रात लगभग 7:30 से 8:00 बजे के बीच किसी निजी काम से पैदल बैतारी चौक की ओर जा रहा था। उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन चालक ने अपने वाहन को तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सुकलाल के बाएं पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों की मदद से घायल को हाईवे पेट्रोलिंग की एम्बुलेंस से शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताकर उसे हायर सेंटर रेफर किया। परिजन घायल को ओम अस्पताल सरायपाली ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार (27 सितम्बर) दोपहर 2:06 बजे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतक के साला प्रदीप यादव और मुकेश चौहान द्वारा थाना सरायपाली में दी गई। मेडिकल मेमो एवं अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की। प्रथम दृष्टया पाया गया कि अज्ञात वाहन चालक की तेज व लापरवाह ड्राइविंग के कारण दुर्घटना हुई।
इस पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।



