CG Weather Update: नवंबर में ही पड़ रही जनवरी जैसी सर्दी, टूटा सालों का रिकॉर्ड; IMD ने जारी की शीतलहर की चेतावनी
छत्तीसगढ़: प्रदेश में इस बार समय से पहेल ही कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तरी हवाओं के असर से शीतलहर चल रहे हैं, जिससे तापमान तेजी से गिरा है। सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिनों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है, जिससे तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी।
राजधानी में नवंबर की ठंड इस बार रिकॉर्ड तोड़ रही है। रविवार को शहर का तापमान 10 साल में सबसे कम पर पहुंच गया। रात का तापमान भी सामान्य से लगभग चार डिग्री नीचे रहा। रायपुर माना में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, 10 साल के औसत से कम रही।
रविवार को रायपुर शहर का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम 13.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 2.5 डिग्री और 3.9 डिग्री कम है। माना एयरपोर्ट केंद्र में भी अधिकतम 27.6 डिग्री और न्यूनतम 13.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, यह तापमान बीते दस वर्षों के औसत से भी नीचे है, जिससे साफ है कि इस बार ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है। सिर्फ 2022 में छह नवंबर को 13 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी: मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के बाद, तेज उत्तरी हवाएं छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं, जिससे दिन और रात दोनों तापमान सामान्य से काफी नीचे जाना शुरू हो गया है।
शीतलहर की चेतावनी जारी: अगले तीन दिनों में उत्तर–मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री अतिरिक्त गिरावट संभव है, यानी राजधानी में पारे का स्तर और नीचे जा सकता है।
अंबिकापुर संभाग में तापमान में गिरावट: संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग सात डिग्री नीचे चले जाने से भीषण शीतलहर की स्थिति बन गई है। रविवार को लगभग डेढ़ डिग्री की गिरावट के साथ शहर का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री पहुंच गया। उत्तर भारत की सर्द हवा के प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले आठ दिनों से न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे बना हुआ है। एक समान तापमान बने रहने से लोग ठंड से बेहाल हैं।
बीते दशक का रिकॉर्ड टूटा: दस साल के आंकड़ों का अध्ययन बताता है कि नवंबर के मध्य में रायपुर का अधिकतम तापमान आमतौर पर 32–33 डिग्री के बीच रहता था, लेकिन इस बार तापमान सीधे 28 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले दशक में इस अवधि का सबसे कम अधिकतम तापमान है। इसी तरह, पिछले वर्षों में न्यूनतम तापमान 14–16 डिग्री के बीच रहता था, पर इस बार यह 13.8–13.9 डिग्री दर्ज होकर रिकॉर्ड किया गया है।



