पिथौरा/रात के अंधेरे में रहस्यमयी ढंग से लापता हुई 16 वर्षीय छात्रा, परिजन बदहवास — अज्ञात युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक
पिथौरा (महासमुंद) — थाना पिथौरा अंतर्गत ग्राम दुरूगपाली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा रहस्यमयी परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दुरूगपाली निवासी ने थाना पिथौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बड़ी पुत्री( 16 वर्ष 6 माह), जो शासकीय हाई स्कूल घोंच में कक्षा 11वीं की छात्रा है, दिनांक 23 दिसंबर 2025 की रात अचानक घर से लापता हो गई।
पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी पत्नी 23 दिसंबर की रात करीब 8 बजे एनसीसी अस्पताल झलप में भर्ती अपने भाई और भांजे को देखने गई थीं। उस दौरान घर में वे स्वयं, उनकी मां और दोनों बेटियां मौजूद थीं। रात करीब 9 से 10 बजे भोजन करने के बाद सभी सो गए। आधी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच उनकी मां की नींद खुली तो देखा कि नातिन जितिका बिस्तर पर मौजूद नहीं थी।
इसके बाद परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों व परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन 24 से 26 दिसंबर तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा लिया है।
लापता छात्रा का हुलिया
रंग: गोरी
ऊंचाई: लगभग 5 फीट
चेहरा: लंबा
पहनावा: काले रंग की जैकेट, काली टी-शर्ट, काले रंग का लोवर
कानों में बाजारू टॉप
भाषा: हिंदी व छत्तीसगढ़ी
साथ में मोबाइल फोन भी था
घटना की सूचना पर थाना पिथौरा में धारा 137(2) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा गुम इंसान रिपोर्ट कायम कर जांच शुरू कर दी गई है तथा सूचना DCRB महासमुंद को भी भेजी गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी उक्त किशोरी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।



