बलौदा थाना क्षेत्र में पारिवारिक रंजिश ने लिया हिंसक रूप, टंगिया से जानलेवा हमला
बलौदा। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलमुण्डी निवासी एक कृषक पर उसके डेढ़साले द्वारा टंगिया से जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना दिनांक 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 02 बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसका बेलमुण्डी स्थित मकान निर्माणाधीन होने के कारण वह पिछले लगभग एक माह से अपने बड़े भाई बाबूलाल पटेल के घर ग्राम खैरझिटकी में अपने पुत्र खेमराज पटेल के साथ रह रहा था। पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी पिछले पांच वर्षों से मायके में रह रही है, इसी बात को लेकर उसका डेढ़साला उससे रंजिश रखता था।
घटना की रात पीड़ित अपने दोस्त दुर्गा मेहेर के घर बेलमुण्डी पहुंचा और आंगन में खाट पर सो रहा था। तभी उसका डेढ़साला मदन उर्फ रूपसिंह पटेल हाथ में बेट लगा टंगिया लेकर वहां पहुंचा और सोते समय पीड़ित के सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के बाद आरोपी ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर कमर पर भी वार किया। शोर सुनकर दुर्गा मेहेर की मां मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घायल अवस्था में पीड़ित स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर थाना बलौदा पहुंचा। पुलिस ने तत्काल उसे शासकीय अस्पताल सरायपाली में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा। हालत गंभीर होने पर पहले जिला अस्पताल महासमुंद और बाद में मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चला। उपचार के बाद 03 जनवरी 2026 को छुट्टी मिलने पर पीड़ित ने थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1), 115(2), 296, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।



