बसना/भंवरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
बसना/भंवरपुर चौकी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मुंगाडीह मजार डोंगरी से 20 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी भंवरपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजेश कुमार सोनी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम मुंगाडीह मजार डोंगरी में अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल पंचनामा तैयार कर गवाहों को साथ लेकर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम हेतराम भारद्वाज पिता गणेश राम भारद्वाज उम्र 57 वर्ष निवासी मुंगाडीह बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 20 लीटर की सफेद प्लास्टिक बाल्टी में करीब 15 लीटर महुआ शराब तथा एक 5 लीटर की पीली जरीकेन में करीब 5 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। कुल 20 लीटर शराब की कीमत लगभग 4000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के पास शराब रखने एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया। पुलिस ने शराब को जप्त कर सीलबंद किया तथा आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
भंवरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



