कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 किलो गांजा सहित दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
थाना कोमाखान में पदस्थ निरीक्षक महेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 08 जनवरी 2026 को टेमरी नाका क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 5 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा राज्य से छत्तीसगढ़ की ओर एक लाल-काले रंग की HF डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 DR 1169) में दो व्यक्ति गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टेमरी नाका पर घेराबंदी की गई।
कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया, जिसमें चालक ने अपना नाम श्रवण कुमार मेहर (42 वर्ष) एवं पीछे बैठे व्यक्ति ने रोहित कुमार मेहर (23 वर्ष), दोनों निवासी चिचईगढ़ थाना जुनागढ़ जिला कालाहांडी (ओडिशा) बताया। पूछताछ में दोनों ने ओडिशा के भवानीपटना से गांजा लेकर तिल्दा-रायपुर ले जाना स्वीकार किया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत धारा 50 एनडीपीएस एक्ट की सूचना देकर तलाशी ली गई, जिसमें मोटरसाइकिल के बीच रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल 5 किलोग्राम नमी युक्त गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से गांजा, मोटरसाइकिल तथा दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जप्त किए। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 76 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई। मौके पर नजरी नक्शा तैयार कर आगे की विवेचना की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सतर्कता की सराहना की जा रही है।



