सांकरा/ बुजुर्ग पिता की बेटे ने पीट-पीटकर की हत्या, पारिवारिक विवाद बना जानलेवा
सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम झगरेनडीह की हृदयविदारक घटना पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक बेटे ने अपने ही वृद्ध पिता की लकड़ी से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 80 वर्षीय भोला राम बरिहा उम्रदराज होने के कारण चल-फिर नहीं सकते थे और अपने मंझले बेटे आनंद कुमार बरिहा के साथ अलग मकान में रहते थे। दिन में आनंद के बाहर काम पर जाने के दौरान बुजुर्ग पिता अस्वस्थता के चलते घर में ही पेशाब-शौच कर देते थे, जिससे नाराज होकर आनंद अक्सर उन्हें गाली-गलौच करता था।
दिनांक 08 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे आनंद ने इसी बात को लेकर पिता भोला राम बरिहा के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और आग जलाने की लकड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में पिता के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे नाक और मुंह से खून बहने लगा।
शोर सुनकर बड़ा भाई और उसकी पत्नी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसमें आनंद खुद दीवार से टकराकर गिर पड़ा और उसे भी सिर व कंधे में चोट आई। तत्काल 112 पर कॉल कर तीनों को सरकारी अस्पताल बसना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने भोला राम बरिहा को मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय खाट पर पड़े कंबल में खून लगा हुआ पाया गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी मृतक का पुत्र और उसकी पत्नी हैं।
इस मामले में थाना सांकरा में आरोपी आनंद कुमार बरिहा के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।



