खल्लारी/ग्राम आमाकोनी में 100 केवीए ट्रांसफार्मर से लाखों का सामान चोरी, अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज
खल्लारी | महासमुंद थाना खल्लारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाकोनी खुटेरी मार्ग के पास स्थापित 100 केवीए ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों द्वारा क्वाइल, कॉपर वायर एवं ऑयल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना दिनांक 08 जनवरी 2026 की रात्रि 9 बजे से 09 जनवरी 2026 की सुबह 6 बजे के मध्य की बताई जा रही है।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, वितरण केंद्र खट्टी के कनिष्ठ यंत्री प्रखर कुमार चंद्रवंशी द्वारा थाना खल्लारी में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 33 हजार रुपये आंकी गई है।
प्राप्त आवेदन के आधार पर थाना खल्लारी में प्रथम दृष्टया अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी गई है।
कनिष्ठ यंत्री द्वारा चोरी हुए ट्रांसफार्मर की फोटो भी आवेदन के साथ संलग्न की गई है। इस घटना से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



