बसना/सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, लापरवाह बाइक चालक पर अपराध दर्ज
बसना | महासमुंद थाना बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जर्रा निवासी 35 वर्षीय युवक सत्यजीत मलिक की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद रायपुर के डी.के.एस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में पुलिस ने लापरवाह वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यजीत मलिक पिता रामेश्वर मलिक दिनांक 17 नवंबर 2025 को अपनी मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक CG06HD7021 से कार्य हेतु सरायपाली गया था। शाम को वापस लौटते समय रात करीब 9 बजे जीराडबरी से जर्रा जाने वाले मोड़ के पास पीछे से आ रही मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक CG04MW2731 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सत्यजीत की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सत्यजीत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डी.के.एस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान 21 नवंबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई।
मर्ग जांच के दौरान परिजनों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें सभी ने दुर्घटना के लिए दूसरे बाइक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। जांच उपरांत आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक का मर्ग क्रमांक 08/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत पंजीबद्ध किया गया था। मर्ग डायरी थाना गोलबाजार रायपुर से प्राप्त होने के बाद थाना बसना में असल अपराध दर्ज किया गया है।
इस दुखद घटना से गांव जर्रा में शोक का माहौल है। परिजनों ने दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



