पिथौरा / ग्राम डुमरपाली में मंदिर मरम्मत की रेत को लेकर विवाद, युवक पर कड़ा से हमला
पिथौरा।थाना पिथौरा अंतर्गत ग्राम डुमरपाली में मंदिर मरम्मत हेतु रखी रेत को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना पिथौरा में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित ने बताया कि वह ग्राम डुमरपाली का निवासी है, कक्षा पांचवी तक शिक्षित है तथा खेती-किसानी का कार्य करता है। उसने अपने घर के सामने स्थित मंदिर की मरम्मत हेतु रेत मंगवाकर किनारे में रखा था। दिनांक 14 जनवरी 2026 को लगभग दोपहर 1 बजे गांव का प्रेमशंकर बरिहा वहां पहुंचा और रेत को फैलाने लगा।
पीड़ित के पिता अतिबल द्वारा मना करने पर आरोपी गाली-गलौच करने लगा। शोर सुनकर पीड़ित बाहर आया तो आरोपी ने उसके पिता को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित को मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए हाथ में पहने कड़े से उसके बाएं भौंह के पास वार कर घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
घटना के समय भारती पटेल, दशरथ यादव एवं मन्नू खडिया मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पिथौरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



