महासमुन्द/ ग्राम बलौदा में अवैध महुआ शराब बिक्री करते युवक गिरफ्तार, 7 लीटर शराब जब्त
महासमुन्द। थाना बलौदा पुलिस ने अवैध महुआ शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर 7 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सउनि मुरलीधर भोई थाना बलौदा जिला महासमुन्द दिनांक 18 जनवरी 2026 को हमराह स्टाफ आरक्षक लवन ठाकुर एवं महिला आरक्षक अनिता गोरियार के साथ शासकीय वाहन से देहात पेट्रोलिंग पर रवाना थे। इसी दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम बलौदा में एक व्यक्ति अपने बाड़ी में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री हेतु ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
सूचना की तस्दीक हेतु गवाह ललित मांझी एवं तुलसीराम सिदार को साथ लेकर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति अपने बाड़ी में दो पीले रंग के प्लास्टिक जरीकेन रखे मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम भीष्मदेव सिदार पिता भगवतिया सिदार उम्र 27 वर्ष निवासी बलौदा बताया।
जांच करने पर दोनों जरीकेनों में कुल 7 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 1400 रुपये बताई गई। आरोपी से वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष जप्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध देहाती नालसी क्रमांक 0/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को भी दी गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



