पटेवा में सनसनीखेज घटना: तेज रफ्तार कार ने पुलिस स्टापर तोड़ा, जानलेवा लापरवाही, मामला दर्ज
थाना पटेवा क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस के साथ बड़ी घटना सामने आई है। दिनांक 25 जनवरी 2026 की रात्रि प्रधान आरक्षक अपने हमराह आरक्षक 749 तामेश्वर बंजारे के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान थाना प्रभारी द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि टोल प्लाजा ढांक से एक कार क्रमांक MH 46 CV 2841 तेज गति से निकली है, जिसे थाना के सामने रोकने के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में थाना पटेवा के सामने NH-53 रोड पर पुलिस स्टापर लगाकर नाकेबंदी की गई। इस दौरान प्रधान आरक्षक, आरक्षक 749 तामेश्वर बंजारे तथा बस स्टैण्ड पटेवा में तैनात डायल-112 के आरक्षक 90 ताराचंद दीवान एवं चालक मोहन साहू मौजूद थे।
करीबन रात्रि 02.50 बजे झलप की ओर से उक्त कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु चालक ने वाहन की गति और बढ़ाते हुए पुलिस स्टापर को जोरदार ठोकर मार दी तथा तुमगांव की ओर फरार हो गया। स्टापर के पास खड़े पुलिसकर्मियों को हटकर अपनी जान बचानी पड़ी, अन्यथा गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
इस घटना में दो नग पुलिस स्टापर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना को प्रत्यक्षदर्शी भूपेश यादव द्वारा देखा गया है। वाहन चालक के इस कृत्य को गंभीर अपराध मानते हुए थाना पटेवा में धारा 125, 132, 221 एवं 324(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।



