थाना खल्लारी पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब बिक्री करते युवक गिरफ्तार, 25 पौवा देशी शराब जब्त
खल्लारी थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कन्हारपुरी स्थित सोमनाथ टोंडेकर के फार्म हाउस के पास दबिश देकर आरोपी के कब्जे से 25 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना खल्लारी में पदस्थ प्रधान आरक्षक चेतन लाल सिन्हा हमराह स्टाफ के साथ देहात पेट्रोलिंग एवं जुर्म जरायम पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम कन्हारपुरी में अवैध रूप से देशी प्लेन शराब बिक्री करने हेतु शराब रखे हुए है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
रेड के दौरान आरोपी रिखीराम यादव पिता स्व. चुम्मन लाल यादव उम्र 30 वर्ष निवासी कन्हारपुरी थाना खल्लारी को एक सफेद रंग की प्लास्टिक थैली के साथ पकड़ा गया। तलाशी लेने पर थैली के अंदर 25 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक शीशी 180 एमएल) कुल 4500 एमएल बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2000 रुपये आंकी गई।
आरोपी शराब रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जिस पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसे मौके पर गिरफ्तार किया। मामला जमानतीय होने से आरोपी को जमानत मुचलका पर रिहा किया गया है।
पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



