महासमुंद/ पुरानी रंजिश को लेकर युवक से मारपीट, तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
महासमुंद शहर के शास्त्री चौक क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 27 शास्त्री चौक महासमुंद निवासी एक मजदूर युवक ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे वह भोजन करने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान शास्त्री चौक के पास धनेश मिश्रा से आम रास्ते से आने-जाने को लेकर विवाद हो गया। बताया गया कि आरोपी धनेश मिश्रा अपने घर के सामने के रास्ते से पीड़ित को गुजरने से मना करता था, जिसे लेकर पूर्व से रंजिश चली आ रही थी।
विवाद के दौरान धनेश मिश्रा के साथ उसके पुत्र वैभव मिश्रा एवं विशाल मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। तीनों आरोपियों ने मिलकर पीड़ित को अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों एवं किसी वस्तु से मारपीट की।
मारपीट से पीड़ित को सिर, दाहिनी आंख के नीचे, होंठ, बाएं सीने एवं दोनों पैरों में चोटें आई हैं। घटना को पीड़ित की पत्नी योगेश्वरी मिश्रा ने देखा एवं बीच-बचाव किया। घायल युवक को इलाज हेतु जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसने दिनांक 26 जनवरी 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



