बसना/ सभापति बनने के बाद पहली बार प्रकाश सिन्हा ने फहराया तिरंगा सेवा, विकास और संविधान का संदेश देते हुए बसना अंचल में जगह-जगह किया ध्वजारोहण
बसना। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बसना अंचल में देशभक्ति, गरिमा और उत्साह का भव्य नजारा देखने को मिला। शासकीय, सामाजिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा ने जनपद पंचायत कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय, श्री गोविंद हॉस्पिटल, ग्राम पंचायत कूड़ेकेल एवं ग्राम जमड़ी सहित अनेक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता कर ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जनपद पंचायत बसना कार्यालय में आयोजित समारोह में अध्यक्ष श्रीमती डिलेस्वरी निराला द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जबकि सभापति प्रकाश सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान, लोकतंत्र और जवाबदेह प्रशासन ही मजबूत भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत शासन और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाती है, जहां से विकास की सही दिशा तय होती है।
बसना नगर स्थित श्री गोविंद हॉस्पिटल में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में हॉस्पिटल प्रबंधन, चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं ही सशक्त समाज और सुदृढ़ राष्ट्र का आधार होती हैं।
ग्राम पंचायत कूड़ेकेल में सरपंच भरत डडसेना एवं ग्रामीणों के साथ ध्वजारोहण करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा की। लंबे समय से सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों की एकजुटता और संघर्ष का परिणाम रहा कि अब निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे गांव में हर्ष और उत्साह का माहौल है। कूड़ेकेल स्कूल परिसर एवं नगर पंचायत बसना द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उनकी सहभागिता रही।
महिला एवं बाल विकास विभाग में पहली बार किया ध्वजारोहण
निर्वाचन के उपरांत सभापति बनने के बाद पहली बार महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में ध्वजारोहण करते हुए प्रकाश सिन्हा ने परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की सेवाभावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों का सशक्तिकरण समाज निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी है, और इस दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।



