पटेवा /ग्राम रूमेकेल में पंच से मारपीट, गाली-गलौच और धमकी का मामला दर्ज
पटेवा। थाना पटेवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रूमेकेल में वार्ड क्रमांक 05 के पंच के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) एवं 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रूमेकेल निवासी पीड़ित, जो वार्ड क्रमांक 05 का पंच है और खेती किसानी का कार्य करता है, 28 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे अपने घर से बाहर निकला था। इसी दौरान गांव के ही क्रांति महानंद ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट के दौरान पीड़ित के दाहिने कान में चोट आई, जिससे उसे दर्द हो रहा है। घटना को मौके पर मौजूद बीरसिंग ध्रुव एवं दुलेश ठाकुर ने देखा तथा बीच-बचाव किया।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2)-BNS एवं 296-BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।



