महासमुंद/तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 15 वर्षीय छात्र की मौत, साथी घायल — थान में मामला दर्ज
महासमुंद। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सड़क दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक टिकेश्वर पटेल पिता प्रेमलाल पटेल उम्र 15 वर्ष, निवासी खट्टी, अपने मित्र अनुराग पटेल के साथ दिनांक 27 जनवरी 2026 को शाम लगभग 5 बजे सायकल से कोना मार्ग के पास से अपने गांव खट्टी की ओर जा रहा था। इसी दौरान महासमुंद की ओर से खट्टी की तरफ जा रहे वाहन क्रमांक CG 06 GD 0383 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे में अनुराग पटेल को आंख के पास, हाथ, पैर एवं शरीर में चोटें आईं, जिसे उपचार हेतु महासमुंद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं टिकेश्वर पटेल के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे जिला अस्पताल महासमुंद लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली में मर्ग क्रमांक 15/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच की गई। जांच के दौरान आरोपी वाहन चालक का कृत्य अपराध धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) बीएनएस का पाए जाने पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है तथा आगे की जांच जारी है। क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।



