सरायपाली में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, लोहे की रॉड व डंडे से हमला, तीन घायल
सरायपाली। थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन विवाद को लेकर पारिवारिक झगड़े में मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है तथा अपने हिस्से की जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर अलग स्थान पर मकान बनाकर रह रहा है।
दिनांक 29 जनवरी 2026 को वह किराना सामान लेने अपने छोटे भाई लखे सिंह ताण्डी की दुकान गया था, जहां भाई द्वारा गाली-गलौज शुरू कर दी गई। मना करने के बावजूद गाली-गलौज जारी रही। इसी दौरान लखे सिंह के बेटे अनुप ताण्डी एवं अंकित ताण्डी वहां पहुंचे और तीनों ने मिलकर पीड़ित के साथ गाली-गलौज व झूमा-झटकी शुरू कर दी।
शोर सुनकर पीड़ित की बेटियां अहिल्या सागर एवं पंकजनी दीप बीच-बचाव करने पहुंचीं, तभी आरोप है कि अनुप ताण्डी ने लोहे की रॉड से अहिल्या सागर के सिर पर वार किया, वहीं अंकित ताण्डी ने डंडे से पंकजनी दीप को मारा, जिससे उसके सिर व बाएं हाथ में चोट आई। वहीं लखे सिंह ताण्डी ने पीड़ित को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उसके बाएं हाथ की कोहनी व कमर में चोट आई है।
पीड़ित ने बताया कि जमीन किसी और को बेचने की बात को लेकर आरोपी पक्ष लंबे समय से नाराज था, इसी रंजिश में मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।



