सांकरा/महासमुंद पट्टे में धान बिक्री को लेकर विवाद, चाचा-भतीजे पर मारपीट व धमकी का आरोप
सांकरा/महासमुंद। थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम माटीदरहा में पट्टे की जमीन में धान बिक्री को लेकर हुए विवाद में चाचा-भतीजे द्वारा एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित लक्ष्मण साहू पिता श्यामलाल साहू (46 वर्ष) ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे लक्ष्मण साहू अपने भाई ब्रजेश साहू के साथ घर के सामने खड़े थे, तभी उनके चाचा प्रमोद साहू एवं उसका भतीजा संजय साहू वहां पहुंचे और लक्ष्मण के नाम के पट्टे की जमीन में धान बेचने को लेकर विवाद करने लगे। इस दौरान दोनों आरोपियों ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
विवाद बढ़ने पर संजय साहू ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, वहीं प्रमोद साहू ने पास में पड़े डंडे से लक्ष्मण साहू पर हमला किया। शोर सुनकर लक्ष्मण की पत्नी सुजाता साहू एवं भाई की पत्नी सरोजनी साहू बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी गाली-गलौच कर मारपीट की गई।
मारपीट में लक्ष्मण साहू के बाएं हाथ व सीने में, उनकी पत्नी सुजाता साहू के दाहिने कंधे में तथा बहू सरोजनी साहू के बाएं पीठ में चोटें आई हैं।
पीड़ित की शिकायत पर थाना सांकरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS एवं 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



