बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। थाना बसना पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम रामपुर पुलिया के पास महुआ पेड़ के नीचे हाथ भट्ठी की महुआ शराब बिक्री करते एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया।
थाना बसना में पदस्थ प्र0आर0 51 वृन्दावन भोई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रामपुर निवासी खेलसाय भारती पिता भरतलाल भारती (32 वर्ष) अपने कब्जे में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक सफेद रंग की प्लास्टिक जरीकेन (क्षमता 20 लीटर) में भरी करीब 20 लीटर हाथ भट्ठी की महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 4000 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। आरोपी के पास शराब रखने या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत देहाती नालसी कायम कर मामला दर्ज किया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विवेचना प्रारंभ कर दी है। कार्रवाई के दौरान पंचनामा, जप्ती एवं संपूर्ण प्रक्रिया गवाहों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कर की गई।



