बसना/ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं को किया सम्मानित
बसना। स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसना क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार एवं छात्राओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने प्रेरक संबोधन में विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज की छात्राएं ही कल के विकसित समाज की आधारशिला हैं। छात्र जीवन में समय प्रबंधन, अनुशासन और एकाग्रता को अपनाकर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। शासन की प्राथमिकता है कि बेटियों को बेहतर शिक्षा, संसाधन एवं अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, प्राचार्य एन.के. पंडा, प्रधानपाठक राजकुमारी पाठक, व्याख्याता एस.सी. बेहरा, वी.के. दास, एस. बेहरा, मंच संचालक एम.एल. पटेल, एच.के. पटेल, स्मिता पुरोहित, शाला नायिका काजल सामल, वरिष्ठ पत्रकार रोमी सलूजा, रिंकू ओबराय, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया !



