सड़क हादसे में युवक की मौत, दोस्त गंभीर रूप से घायल तुमगांव थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज
तुमगांव थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना 6 जनवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे ग्राम कौंवाझर स्थित चुल्हा चस्का ढाबा के सामने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रूपेश पारधी पिता जगत राम पारधी (उम्र 25 वर्ष), निवासी कौंवाझर, अपने दोस्त समीर ध्रुव के साथ मोटरसाइकिल से कौंवाझर से तुमगांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर क्रमांक CG 06 GF 9593 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में रूपेश पारधी के सिर, सीने व नाक में गंभीर चोटें आईं, जबकि समीर ध्रुव के आंख के ऊपर गंभीर चोट लगी। दोनों को 112 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी तुमगांव ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने रूपेश पारधी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल समीर ध्रुव को बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस द्वारा प्राप्त पीएम रिपोर्ट, गवाहों के बयान व जांच के आधार पर आरोपी बाइक चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस तथा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
मर्ग क्रमांक 04/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर आवश्यक पंचनामा व अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। घटना की सूचना एसडीएम महासमुंद को भी भेज दी गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और लापरवाही से बचें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।



