सरायपाली: गांव अंधेरे में कैसे डूबा, जब चालू लाइन से उड़ा दी गई ट्रांसफार्मर की क्वाइल
सरायपाली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला ग्राम डूमरपाली का है, जहां अज्ञात चोरों ने गांव के पास लगे ट्रांसफार्मर से क्वाइल चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि 11 केवी विद्युत लाइन चालू होने के बावजूद चोरों ने लाइन काटकर वारदात को अंजाम दिया और रातों-रात गांव को अंधेरे में डाल दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि चोर अब केवल निजी संपत्ति ही नहीं, बल्कि समय-समय पर सरकारी संपत्तियों को भी निशाना बना रहे हैं। यह पहली घटना नहीं है—क्षेत्र में इससे पहले भी ट्रांसफार्मर चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले पर जानकारी देते हुए बजरंग आडील, एई (सरायपाली) ने बताया कि गिरसा में 10 केवी का ट्रांसफार्मर स्थापित था। लाइन चालू थी, बावजूद इसके चोरों ने लाइन काटकर क्वाइल चोरी की है।
घटना की सूचना सरायपाली थाना को दे दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है, वहीं बिजली विभाग द्वारा आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।



