सरायपाली : संतपाली में बच्चा चोर की खबर से मची सनसनी, TI नितेश सिंह ने कहा – अफवाहों से मॉब लिंचिंग का खतरा जांच के बाद ही सच्चाई स्पष्ट
बच्चा चोर की आशंका पर ग्रामीणों ने व्यक्ति को बनाया बंधक, पुलिस जांच में निकला घुमंतू — अफवाह से बचने की अपील
सरायपाली/महासमुंद।
महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संतपाली में बच्चा चोर की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति गांव में भीख मांगते हुए घूम रहा था, तभी ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ और पूछताछ शुरू कर दी गई। जिसका वीडियो सोशल मिडिया मे वायरल हो रहा है!
जानकारी के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह का माहौल बना हुआ है। होली के दिन ग्राम कनकेबा में हुई घटना को भी शुरुआती दौर में इसी नजर से देखा जा रहा था, जब तक कि लापता नाबालिग का शव बरामद नहीं हुआ था। इसी कारण ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है।
पुलिस जांच में घुमंतू निकला व्यक्ति
मामले में सरायपाली थाना प्रभारी नितेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पूछताछ में संदिग्ध व्यक्ति की पहचान वीरेंद्र यादव पिता काल यादव (40 वर्ष) निवासी ग्राम चिवरा खूंटा थाना सिंघोड़ा के रूप में हुई है। यह व्यक्ति घुमंतू प्रवृत्ति का है और उसका ससुराल ग्राम पतेरापाली में है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वीरेंद्र यादव गांव में भीख मांग रहा था और इसी दौरान उसने एक बच्चे से बातचीत करते हुए उसे गोद में लेने का प्रयास किया, जिस पर बच्चे के माता-पिता ने आपत्ति जताई। इसके बाद गांव में बच्चा चोर की अफवाह फैल गई और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह व्यक्ति घूमते-फिरते सामान भी बीनकर अपने पास रखता है। प्रथम दृष्टया यह बच्चा चोरी का मामला नहीं है, फिर भी पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि कई बार ऐसी अफवाहों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं भी हो जाती हैं
ग्राम संतपाली के सरपंच लिलीत साहू ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति अपना सही नाम-पता नहीं बता पा रहा था। पूछताछ के दौरान वह कभी खुशरुपाली, कभी कनकेबा तो कभी पतेरापाली का नाम बता रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से कई आधार कार्ड और कुछ कपड़े मिले, जिन पर एक बच्चे का नाम लिखा हुआ था। इससे ग्रामीणों का शक और गहरा गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सरायपाली थाना पुलिस को दे दी।



