सरायपाली/शासकीय उच्च प्राथमिक शाला केदुवाँ में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई
शासकीय उच्च प्राथमिक शाला केदुवाँ में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं भावुक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका रेखा पांडेय मैडम तथा शिक्षक घनश्याम प्रसाद पटेल, हेमंत कुमार चौधरी, घनश्याम दास एवं राजेश पटेल ने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व शिक्षक खुशीराम दास, मोतीलाल पटेल एवं शमशाद ख़ान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों को आशीष देते हुए शिक्षा के महत्व और जीवन में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण बातें बताईं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों और म्यूजिकल गेम्स का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद उठाया। कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान छोटे विद्यार्थियों द्वारा गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिससे वातावरण अत्यंत आनंदमय हो गया। कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने भी विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिससे माहौल भावुक हो उठा। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।



