सरायपाली: खाली जूट बोरी को लेकर विवाद: राशन दुकान के सेल्समेन को दी मारने की धमकी
सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केन्दूढार में उचित मूल्य दुकान में चावल वितरण के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने गाली-गलौज और
धमकी देने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केन्दूढार निवासी भवानी दास महंत, जो उचित मूल्य दुकान में सेल्समेन के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना सरायपाली में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को शासन एवं खाद्य अधिकारी के निर्देशानुसार दुकान में हितग्राहियों को चावल का वितरण किया जा रहा था।
दोपहर करीब 12 बजे ग्राम केन्दूढार निवासी गेंदराम साहू चावल लेने दुकान पहुंचा। इस दौरान सेल्समेन ने बताया कि वह पिछले दो महीने की चावल वितरण की खाली जूट बोरी लेकर गया था, जिसे जमा करने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर गेंदराम साहू कथित रूप से नाराज हो गया और अश्लील गाली-गलौज करने लगा तथा चप्पल उठाकर मारने और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी।
घटना के समय वहां चावल वितरण कार्य में सहयोग कर रहे मोहनलाल डडसेना भी मौजूद थे। दोनों ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया।
पीड़ित भवानी दास ने आवेदन में भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका भी जताई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है



