महासमुंद : खाली ट्रक सिंघोड़ा के पास छोड़ फरार हुए, पटपरपाली के मकान से 30 मीट्रिक टन दाल-शक्कर बरामद बसना व मध्यप्रदेश के आरोपी गिरफ्तार:
महासमुंद। अमानत में खयानत के एक मामले में कोमाखान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बसना और मध्यप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में दाल और शक्कर बरामद की है। आरोपियों ने ट्रक में लोड सामान को गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय छिपाकर रख दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के गुढ़ियारी निवासी गौतम चंद सेठिया (62 वर्ष) ने 14 मार्च 2026 को थाना कोमाखान में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2026 को करीब 30 मीट्रिक टन दाल व शक्कर (कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये) को मां लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के ट्रक क्रमांक CG 04 ME 8671 में लोड कर चालक झनक नायक निवासी नायकपारा बसना तथा परिचालक संतोष आदिवासी निवासी बरोदिया, जिला सागर (मध्यप्रदेश) के माध्यम से चाईबासा (झारखंड) के लिए रवाना किया गया था।
लेकिन निर्धारित समय पर सामान गंतव्य तक नहीं पहुंचा और दोनों के मोबाइल फोन भी बंद मिले। इस पर प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 316(3) व 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने ट्रक को ग्राम सिंघोड़ा के पास खाली हालत में खड़ा कर दिया था और ट्रक में लोड पूरा माल ग्राम पटपरपाली (एनएच-353) स्थित एक मकान में छिपाकर रख दिया था। पुलिस ने 16 मार्च को दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पटपरपाली स्थित मकान से शक्कर की 420 बोरी सहित विभिन्न प्रकार की दालें बरामद की गईं।
बरामद सामग्री में राहर दाल, मसूर दाल, मूंग, काबुली चना, राजमा, उड़द और तुअर दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल है। साथ ही ट्रक को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार कुल बरामद संपत्ति की कीमत लगभग 36 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है तथा मामले की आगे जांच जारी है।



