बागबाहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.5 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बागबाहरा। थाना बागबाहरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 50 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर आ रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी व टीम देहात पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल में सफेद झोले में गांजा रखकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NH-353 स्थित फैमिली ढाबा के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना नाम उमेश कुमार साहू (32 वर्ष) एवं करण साहू (22 वर्ष) निवासी नयापारा, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखे सफेद झोले से गांजा बरामद हुआ।
मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल 3 किलो 50 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई। इसके अलावा एक बजाज सिटी-100 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
👉 इस कार्रवाई में सउनि सुकलाल भोई सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



