महासमुंद/जांच टीम के सामने फैक्ट्री में ‘धावा’! आईस्क्रीम प्लांट में घुसकर तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट—आरोपियों ने दी जिंदा जलाने की धमकी
महासमुंद।जिले के बेलसोंडा स्थित एक आईस्क्रीम फैक्ट्री में उस समय हड़कंप मच गया, जब जांच के लिए पहुंची सरकारी टीम के सामने ही कुछ लोगों ने फैक्ट्री में जबरन घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए फैक्ट्री संचालक को जान से मारने और आग लगाने तक की धमकी दे डाली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्या नगर वार्ड नंबर 03 महासमुंद निवासी नीरज सिंह बिसेन, बेलसोंडा स्थित बिसेन फूड्स नामक आईस्क्रीम फैक्ट्री का संचालन करते हैं। 16 मार्च 2026 को खाद्य, राजस्व और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की संयुक्त टीम फैक्ट्री की जांच के लिए पहुंची थी।
इसी दौरान ग्राम बेलसोंडा के कुणाल चन्द्राकर, सुर्या चन्द्राकर, तोमेश चन्द्राकर सहित अन्य लोग डंडा-रॉड लेकर फैक्ट्री में घुस आए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री में तोड़फोड़ की, गाली-गलौच की और कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की।
घटना में कर्मचारी लकी साहू और राजेंद्र कहार को चोटें आई हैं। वहीं उपद्रवियों ने फैक्ट्री परिसर में खड़ी फ्रीजर वाहन को नुकसान पहुंचाने के साथ ही बिजली पैनल और पाइपलाइन भी तोड़ दी। इतना ही नहीं, कुछ सामान चोरी करने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित संचालक का कहना है कि हमलावरों ने खुलेआम धमकी दी कि उन्हें उनके हवाले कर दिया जाए, वे “निपट लेंगे”, साथ ही फैक्ट्री में आग लगाने की भी चेतावनी दी गई। इस दौरान मौजूद कर्मचारी भय के कारण अंदर छिपने को मजबूर हो गए।
बताया जा रहा है कि करीब तीन घंटे तक फैक्ट्री में हंगामा चलता रहा, जिससे जांच टीम भी अपना काम पूरा नहीं कर सकी। पुलिस के पहुंचने के बाद ही स्थिति नियंत्रण में आई।
पीड़ित ने इस मामले में सिटी कोतवाली महासमुंद में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



