बसना में रहस्यमयी टक्कर: कोर्ट के सामने स्कूटी सवार को रौंदकर भागी पिकअप, एक हफ्ते बाद खुला मामला
बसना (महासमुंद)। बसना के व्यस्त मेन रोड पर हुए एक सड़क हादसे ने अब नया मोड़ ले लिया है। व्यवहार न्यायालय के सामने हुए इस एक्सीडेंट में एक स्कूटी सवार को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के एक सप्ताह बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खुशरूपाली निवासी सौरभ कुमार ठाकुर (18 वर्ष) ने थाना बसना में शिकायत दर्ज कराई कि 10 मार्च 2026 को उसके पिता यशवंत कुमार ठाकुर स्कूटी क्रमांक CG06 HB 1347 से बसना मार्केट जा रहे थे। इसी दौरान कोर्ट के सामने मेन रोड पर पिकअप वाहन क्रमांक MH 40 DC 2219 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में यशवंत कुमार ठाकुर को दाहिने पैर के घुटने, सिर, कमर और शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल बसना ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामकृष्ण अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे में स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय कई लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने दुर्घटना को अपनी आंखों से देखा।
पिता के इलाज में व्यस्त होने के कारण सौरभ तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करा पाया और 17 मार्च 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दी। तेंदुकोना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ धारा 184-LKS, 125(a)-BNS एवं 281-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



